Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी 16 जुलाई को मनाए जाने वाले हरेला पर्व के अवसर पर जनपद टिहरी गढ़वाल में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में हरेला अभियान की तैयारियों पौधारोपण स्थलों पौधों की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी पुनीत तोमर ने बताया कि शासन द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल को हरेला पर्व पर 65 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य दिया गया है। इस पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने स्तर पर अतिरिक्त प्रयास करते हुए 10 हजार पौधे और लगाएं ताकि इस वर्ष जनपद में कुल 75 हजार पौधों का वृक्षारोपण किया जा सके। जिलाधिकारी ने सभी विकासखंडों एवं विद्यालयों को समय से पौधों की मांग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि निर्धारित तिथि से पहले सभी तैयारियां पूरी की जा सकें। उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विभागों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप समय पर पौधे उपलब्ध कराए जाएं जिससे वृक्षारोपण अभियान प्रभावी ढंग से संचालित हो सके। बैठक में बताया गया कि वन विभाग द्वारा जनपद में 114 स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा। इसके अंतर्गत टिहरी वन प्रभाग नई टिहरी द्वारा 20 हजार पौधे 34 स्थलों पर नरेंद्रनगर वन प्रभाग द्वारा 20 हजार पौधे 32 स्थलों पर मसूरी वन प्रभाग द्वारा 10 हजार पौधे 17 स्थलों पर टिहरी डैम वन प्रभाग (प्रथम) नई टिहरी द्वारा 7 हजार पौधे 14 स्थलों पर टिहरी डैम वन प्रभाग (द्वितीय) उत्तरकाशी द्वारा 4 हजार पौधे 7 स्थलों पर तथा भूमि संरक्षण वन प्रभाग उत्तरकाशी द्वारा 4 हजार पौधे 10 स्थलों पर लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जनपद की विभिन्न सड़कों के किनारे भी पौधारोपण करने का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरेला पर्व को जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है और सभी विभाग समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.श्याम विजय जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम जिला उद्यान अधिकारी अरविंद शर्मा अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई अविनाश सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp