Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला सभागार नई टिहरी में सोमवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 59 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें पेयजल ग्राम पंचायत विद्युत वन विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दरबार के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए तथा जिन मामलों का समाधान हो चुका है उन्हें तत्काल संबंधित पोर्टलों पर अपडेट किया जाए। बरसात के मौसम को देखते हुए कई क्षेत्रों में गंदा पेयजल आने की शिकायतें सामने आने पर जिलाधिकारी ने जल निगम एवं जल संस्थान के सभी अभियंताओं को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जहां सुरक्षा की दृष्टि से सुरक्षा दीवार अथवा अन्य निर्माण कार्य आवश्यक हों वहां तत्काल कार्रवाई की जाए। चंबा निवासी सब्बल सिंह चौहान ने नगर पालिका की नाली का पानी कई वर्षों से उनकी दुकान में घुसने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका चंबा को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। धनोल्टी क्षेत्र के सकलाना ग्राम दड़क निवासी वृद्ध मूल्या सिंह उर्फ धरम सिंह ने शिकायत की कि उन्होंने पालन-पोषण की शर्त पर अपनी 25 नाली भूमि भतीजे को दी थी लेकिन अब वह उनका पालन-पोषण नहीं कर रहा है तथा उनके साथ विवाद कर रहा है। जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी धनोल्टी को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। देवप्रयाग तहसील के रामपुर निवासी राजकिशोर ध्यानी ने कोटली भेल परियोजना के लिए वर्ष 2010 में अधिग्रहित भूमि का अब तक मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (एसएलएओ) को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिए। क्षेत्र समिति सदस्य अरविंद सजवाण द्वारा हैंडपंप लगाए जाने की मांग पर जल संस्थान को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं बौराड़ी स्टेडियम में प्रस्तावित बैडमिंटन कोर्ट को अन्य स्थान पर बनाए जाने की मांग पर खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी को उसी दिन संबंधित पक्षों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतें तथा प्रत्येक प्रकरण का समाधान गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ किया जाए ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.श्याम विजय जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp