Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सोमवार को लक्सर क्षेत्र की बाजार चौकी रायसी चौकी तथा झबरेड़ा क्षेत्र की लखनौता पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवनों का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में नए भवन जनता को समर्पित किए गए। अब तक इन तीनों चौकियों का संचालन किराये के भवनों से किया जा रहा था जबकि नए भवन बनने से पुलिस व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। लोकार्पण के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने चौकी परिसरों का निरीक्षण कर वहां तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए भवनों के संचालन से क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा लोगों को अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रखने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील एवं प्रभावी व्यवहार अपनाने तथा प्रत्येक शिकायत का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थायी पुलिस चौकियों के निर्माण से पुलिस व्यवस्था को मजबूती मिलेगी कानून व्यवस्था बेहतर होगी तथा यातायात प्रबंधन में भी सहायता मिलेगी। इन चौकियों का क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान रहेगा और स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चन्द्र सुयाल सभी क्षेत्राधिकारी तथा देहात क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। तीनों पुलिस चौकियों के लोकार्पण के उपरांत एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कार्यालय रुड़की के ऊपरी तल पर महिला हेल्पलाइन तथा साइबर क्राइम सेल के लिए तैयार किए गए स्वतंत्र कार्यालयों का भी शुभारंभ किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों का त्वरित संवेदनशील एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp