Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 90 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 48 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया। जनसुनवाई में भूमि विवाद राशन कार्ड विद्युत पेयजल जलनिकासी अतिक्रमण सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई। सलेमपुर मेहदूद निवासी ज्ञानचंद ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी खाली पड़ी भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर कबाड़ रख दिया है। उन्होंने भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा अवैध कबाड़ हटाने की मांग की। विकासखंड नारसन की ग्राम पंचायत हरजौलीजट के ग्राम प्रधान ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में मार्गों के सौंदर्यीकरण और इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्य का कुछ लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा है तथा निर्माण कार्य में लगे लोगों के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की। भगवानपुर क्षेत्र के 70 वर्षीय एक बुजुर्ग ने शिकायत की कि उनके पैतृक आम के बाग में उनके हिस्से की तैयार फसल को विपक्षी जबरन तोड़ रहा है। उन्होंने बताया कि थाना स्तर पर सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई और अपने हिस्से की फसल की सुरक्षा तथा उचित कार्रवाई की मांग की। ग्राम भोगपुर निवासी अर्जुन कुमार ने बीएसएनएल में जनरेटर ऑपरेटर के रूप में कार्य करने के दौरान आठ माह से लंबित वेतन का भुगतान कराने की मांग उठाई। कनखल निवासी उमा सिपाहा ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा रोकने तथा सड़क निर्माण कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। बहादराबाद निवासी तजेंद्र सिंह ने दौलतपुर क्षेत्र में जलभराव जलनिकासी व्यवस्था के अभाव तथा गंगा नहर के बांध पर संभावित कटाव को गंभीर बताते हुए ड्रेनेज नालों के निर्माण और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की। ग्राम बिशनपुर कुंडी (झरड़ा अहतमाल) के घुमंतू एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की ओर से पूर्व में की गई शिकायतों पर कार्रवाई न होने का उल्लेख करते हुए उनके घरों तक विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। रानीपुर मोड़ निवासी नरेंद्र अरोड़ा ने शुभम विहार एवं द्वारिका विहार के निकट एनएचएआई द्वारा निर्माणाधीन नाले का कार्य लंबे समय से अधूरा होने के कारण क्षेत्र में जलभराव गंदगी और आवागमन में हो रही परेशानी का उल्लेख करते हुए नाले का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें बार-बार जनसुनवाई में आ रही हैं उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है वहां संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें इसके लिए प्रत्येक शिकायत का जवाबदेही के साथ समाधान किया जाए। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज सभी शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। विशेष रूप से 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि एल-1 स्तर पर 501 तथा एल-2 स्तर पर 151 शिकायतें लंबित हैं जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल अधिशासी अभियंता विद्युत दीपक सैनी जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चंद पांडे स्वजल के चंद्रकांत मणि त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp