Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में जनपद हरिद्वार में लक्ज़री बसों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के विरुद्ध कार्रवाई की। अभियान के दौरान 15 लक्ज़री बसों के चालान किए गए दो बसों को सीज़ किया गया तथा चार बसों की फिटनेस निरस्त किए जाने की संस्तुति की गई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन एवं प्रवर्तन टीम ने लक्ज़री बसों के परमिट फिटनेस प्रमाणपत्र बीमा कर अदायगी चालक के ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की। जांच में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। विशेष अभियान के दौरान काश्यप धर्मशाला क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी गई। यह सुनिश्चित कराया गया कि कोई भी बस वहां अवैध रूप से रुककर यात्रियों को न चढ़ाए और न उतारे तथा यातायात बाधित न हो। अभियान के दौरान किसी भी बस को काश्यप धर्मशाला पर रुकने की अनुमति नहीं दी गई और सभी बसों का संचालन केवल निर्धारित स्थानों से ही कराया गया। परिवहन विभाग ने बताया कि मंगलवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 60 वाहनों के चालान किए गए जिनमें 15 लक्ज़री बसें भी शामिल रहीं। विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सुगम यातायात व्यवस्था तथा सड़क सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन के लिए इस प्रकार के विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी अभिलेख अद्यतन रखें तथा निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन करते हुए ही वाहन संचालन करें ताकि सुरक्षित व्यवस्थित एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp