Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने मंगलवार को अगस्त्यमुनि स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जनपद के मान्यता प्राप्त विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की बाहरी एवं आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता कक्षवार विद्युत आपूर्ति खिड़कियों एवं रोशनदानों की सुरक्षा प्रवेश एवं निकास व्यवस्था अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने निर्देशित किया कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था चौबीसों घंटे प्रभावी रहे तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आवश्यक अभिलेखों एवं रजिस्टरों का भी अवलोकन कर उनके नियमित संधारण तथा सभी व्यवस्थाओं को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। वेयरहाउस निरीक्षण के उपरांत अगस्त्यमुनि स्थित जिला क्रीड़ा कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों नामित प्रतिनिधियों एवं बीएलए के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ संपादित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा अपात्र प्रविष्टियों के नियमानुसार निस्तारण की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही सभी राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण कार्य में सकारात्मक सहयोग करने की अपेक्षा व्यक्त की ताकि मतदाता सूची अधिकाधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाई जा सके। बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी रुद्रप्रयाग विपिन चंद्र जोशी बहुजन समाज पार्टी से विक्रम लाल शाह भाजपा से आनंद जनलोकी बीएलए केदारनाथ मातबर सिंह राणा उमा रानी दीपा आर्या सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp