Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने बुधवार को कोटद्वार स्थित नारी पुनर्वास केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में रह रही महिलाओं एवं युवतियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को महिलाओं की सुविधा सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुसुम कंडवाल ने केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था आवास खान-पान एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि नारी पुनर्वास केंद्र महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर भी प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र में पूर्व में आश्रित रही एक मेधावी युवती वर्तमान में बी.टेक की पढ़ाई कर रही है जो केंद्र के सकारात्मक प्रयासों का उदाहरण है। निरीक्षण के दौरान केंद्र में रह रही महिलाओं एवं युवतियों ने आयोग अध्यक्ष को आवागमन संबंधी आवश्यकताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि विद्यालय एवं कॉलेज की दूरी को देखते हुए नियमित आवागमन के लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल तक सुगम आवागमन के लिए भी वाहन उपलब्ध होने से काफी सुविधा मिलेगी। इस पर आयोग अध्यक्ष ने आईसीडीएस के निदेशक बी.एल.राणा से दूरभाष पर वार्ता कर महिलाओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र में रह रही महिलाओं की शिक्षा स्वास्थ्य सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। इस संबंध में उन्होंने निरीक्षण रजिस्टर में भी आवश्यक टिप्पणियां दर्ज कीं। कुसुम कंडवाल ने केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आश्रित महिलाओं की गरिमा सुरक्षा स्वास्थ्य एवं समुचित देखभाल सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा उन्हें प्रत्येक आवश्यक सुविधा समय पर उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान विभाग की प्रशासनिक अधिकारी विजयलक्ष्मी सुपरवाइजर तथा अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *