प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली रानीपुर पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस ने चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15.02 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 7 जुलाई की रात सुमननगर बंधा नंबर-09 से सलेमपुर की ओर जाने वाली कच्ची सड़क पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी अब्दुला के कब्जे से 8.24 ग्राम तथा समीर के कब्जे से 6.78 ग्राम कुल 15.02 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 45 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। पूछताछ में अब्दुला ने पुलिस को बताया कि उसका भाई परवेज स्मैक उपलब्ध कराता है और वह अपने साथी समीर के साथ मिलकर करीब 300 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से उसकी बिक्री करता है। घटना के समय दोनों हरिद्वार की ओर स्मैक बेचने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की निशानदेही पर स्मैक की सप्लाई करने वाले आरोपी की तलाश भी तेज कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुला पुत्र गालिब निवासी ग्राम राजपुर कोतवाली रानीपुर तथा समीर पुत्र इरशाद निवासी गढ़मीरपुर थाना रानीपुर के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी सुमननगर राकेश कुमार कांस्टेबल महेंद्र तोमर कांस्टेबल दीपक रावत तथा होमगार्ड अनिल कुमार शामिल रहे।
