Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में आगामी 26 जुलाई को मनाए जाने वाले शौर्य दिवस (कारगिल विजय दिवस) की तैयारियों को लेकर जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को श्रद्धा सम्मान एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित करने के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं। बैठक में सैनिक कल्याण विभाग के कर्नल सी.बी.पुन ने बताया कि 26 जुलाई को बौराड़ी स्थित शौर्य स्मारक पर कारगिल विजय दिवसों श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुलिस विभाग शौर्य स्मारक पर सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात संचालन सुनिश्चित करेगा। शिक्षा विभाग की ओर से प्रातः 8 बजे बौराड़ी चौक से शौर्य स्मारक तक स्कूली छात्र-छात्राओं की देशभक्ति रैली एवं बैंड के साथ प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके अलावा छात्र-छात्राओं द्वारा समूहगान एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। उन्होंने निर्देशित किया कि फील्ड रेजिमेंट नरेंद्रनगर द्वारा शौर्य स्मारक पर गार्ड ऑफ ऑनर एवं सलामी दी जाएगी। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को कार्यक्रम में शामिल होने वाले गणमान्य व्यक्तियों वीर नारियों एवं स्कूली बच्चों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उद्यान विभाग को शौर्य स्मारक के सौंदर्यीकरण माल्यार्पण के लिए पुष्पचक्र एवं पुष्पमालाओं की व्यवस्था करने तथा जल संस्थान को कार्यक्रम स्थल पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं समन्वित रूप से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष संजय रावत सैनिक कल्याण विभाग से कैप्टन बलवंत सिंह रावत अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ब्लॉक प्रतिनिधि पूर्व सैनिक शिक्षा विभाग की पूनम चौहान नगर पालिका टिहरी के अधिशासी अधिकारी वासुदेव डंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp