Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में जनपद के अंतर्गत शहीदों के नाम पर स्मृतिद्वार एवं मोटर मार्गों के नामकरण से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शहीदों के सम्मान से जुड़े मामले सर्वोच्च प्राथमिकता के हैं और इनमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के स्मृतिद्वार तथा गौरव सेनानी मार्गों के लंबित मामलों में नियमानुसार प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र जिला कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिला सैनिक कल्याण अधिकारी पौड़ी लैंसडाउन तथा सभी उपजिलाधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमित अनुश्रवण करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि जिस विभाग की सड़क है उसी विभाग की भूमि पर स्मृतिद्वार निर्माण कराया जाए ताकि भूमि हस्तांतरण की अनावश्यक प्रक्रिया से बचते हुए कार्य शीघ्र पूरा किया जा सके। जिन मामलों में एनओसी मिल चुकी है उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कर सैनिक कल्याण विभाग को भेजने तथा लंबित मामलों में संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन शहीदों के मामलों में आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं उनमें सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारी शहीद परिवारों के घर जाकर सम्मानपूर्वक दस्तावेज जुटाएं ताकि स्मृतिद्वार निर्माण एवं नामकरण की प्रक्रिया में विलंब न हो। उन्होंने शहीदों की स्मृति में प्रस्तावित अन्य निर्माण कार्यों के लिए भी शीघ्र भूमि प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने सैनिक कल्याण विभाग लोक निर्माण विभाग एवं सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए 10 दिनों के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को 10 दिन बाद पुनः समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी मामलों की प्रगति का विस्तृत परीक्षण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी एफ.आर.चौहान संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एल.पी.भट्ट लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता रीना नेगी अपर सैनिक कल्याण अधिकारी पौड़ी सत्यपाल सिंह रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp