Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद को बालश्रम मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला परिवीक्षा कार्यालय की ओर से बुधवार को जनपद मुख्यालय क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। वर्ष 2026 की थीम “बालश्रम को रेड कार्ड : बच्चों को सुरक्षित बचपन और वयस्कों को सम्मानजनक रोजगार” के तहत पैन इंडिया रेस्क्यू एंड रिहैबिलिटेशन कैंपेनिंग-4.0 के अंतर्गत बाल एवं किशोर श्रम की रोकथाम बचाव एवं पुनर्वास के लिए संयुक्त अभियान संचालित किया गया। जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान जिला टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने पौड़ी बाजार लोअर बाजार बस स्टेशन श्रीनगर रोड सहित विभिन्न दुकानों होटलों शोरूम और वर्कशॉप्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कोई भी बालक खतरनाक कार्यों में संलग्न नहीं पाया गया और न ही किसी किशोर को प्रतिबंधित अथवा खतरनाक कार्यों में नियोजित पाया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों एवं आमजन को बालश्रम उन्मूलन से संबंधित कानूनों की जानकारी दी तथा बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें बालश्रम से दूर रखने का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि बालश्रम मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहभागिता जागरूकता और सभी संबंधित विभागों का समन्वित प्रयास आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी बालश्रम अथवा किशोर श्रम से संबंधित कोई मामला सामने आए तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित विभागों को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अभियान महिला कल्याण विभाग श्रम विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल द्वारा चलाया गया। अभियान में श्रम प्रवर्तन अधिकारी मोहन बेलवाल संरक्षण अधिकारी प्रज्ञा नैथानी चाइल्ड हेल्पलाइन की केस वर्कर पूजा नेगी बाल कल्याण समिति की सदस्य गंगोत्री नेगी पीआरडी सीमा देवी एवं रामेश्वरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp