Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी) रुद्रप्रयाग में बुधवार को 13 दिवसीय निःशुल्क सीसीटीवी कैमरा एवं सुरक्षा अलार्म इंस्टॉलेशन एवं सर्विसिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि भारतीय स्टेट बैंक रुद्रप्रयाग के मुख्य शाखा प्रबंधक सचिन शाह तथा संस्थान के निदेशक अरुण कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सचिन शाह ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सीसीटीवी एवं सुरक्षा उपकरणों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे तकनीकी प्रशिक्षण युवाओं को स्वरोजगार के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर भी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को पूरी लगन अनुशासन एवं गंभीरता के साथ पूर्ण करने का आह्वान किया। संस्थान के निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि 13 दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद रुद्रप्रयाग के तीनों विकासखंडों से आए प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरा सुरक्षा अलार्म स्मोक डिटेक्टर इंस्टॉलेशन वायरिंग सर्विसिंग तथा रखरखाव से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वे स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें या निजी संस्थानों में रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के दौरान आरसेटी के प्रशिक्षक भूपेंद्र सिंह रावत ने प्रतिभागियों को संस्थान की कार्यप्रणाली प्रशिक्षण व्यवस्था तथा उद्यमिता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने तथा सीखे गए तकनीकी कौशल का उपयोग अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp