Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी 11 नगर निकायों तथा संबंधित विभागों द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों से लिगेसी वेस्ट के निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली और इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने घरों व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य संस्थानों में स्रोत स्तर (सोर्स सेग्रीगेशन) पर गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण की वर्तमान स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों को निर्देशित किया कि ग्रीन रेटिंग के निर्धारित मानकों के अनुरूप नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी आवासीय एवं व्यावसायिक परिसरों में स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण की प्रगति संबंधी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में ड्राई वेस्ट एवं वेट वेस्ट के संग्रहण परिवहन और वैज्ञानिक निस्तारण की वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा की गई। सभी अधिशासी अधिकारियों ने अपने-अपने निकाय क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही प्लास्टिक अपशिष्ट एवं पुनर्चक्रण योग्य कचरे के प्रभावी प्रबंधन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला पंचायत द्वारा संचालित डंपिंग साइटों की वर्तमान स्थिति एवं उनके संचालन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी डंपिंग साइटों का संचालन वैज्ञानिक एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप किया जाए ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर बनी रहे। बैठक में धार्मिक स्थलों एवं पर्यटन क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था कूड़ा निस्तारण की प्रभावी प्रणाली तथा पार्किंग प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं नगर निकायों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल प्रभागीय वनाधिकारी पुनीत तोमर जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम जिला पंचायत राज अधिकारी एम.एम.खान अधिशासी अधिकारी तपोवन अंजलि अधिशासी अधिकारी चंबा प्रशांत अधिशासी अधिकारी गजा रोहित अधिशासी अधिकारी मुनि की रेती बद्री भट्ट अधिशासी अधिकारी टिहरी वासुदेव डंगवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp