Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल को नशा मुक्त बनाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कीर्तिनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 8.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कीर्तिनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम 9 जुलाई को मलेथा बैरियर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई जिनके कब्जे से कुल 8.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ के दौरान दोनों युवक बरामद स्मैक के संबंध में कोई वैध दस्तावेज अथवा संतोषजनक जवाब नहीं दे सके जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पहाड़ी क्षेत्रों में स्मैक की आपूर्ति कर युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नशा तस्करी नेटवर्क सप्लाई चेन तथा इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ और विवेचना कर रही है ताकि पूरे गिरोह के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा सके। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित डोभाल (30 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र प्रसाद डोभाल मूल निवासी ग्राम पांडववाला पट्टी लोस्तु, तहसील कीर्तिनगर हाल निवासी पंवार हॉस्टल मेन बाजार कीर्तिनगर तथा रुद्र राणा (23 वर्ष) पुत्र गम्भीर सिंह राणा मूल निवासी ग्राम सेमरपुर रतूड़ी थाना रुद्रप्रयाग हाल निवासी नगर निगम टाइप-2 नर्सरी रोड श्रीनगर (गढ़वाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने अंकित डोभाल के कब्जे से 5.17 ग्राम तथा रुद्र राणा के कब्जे से 3.78 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए ऑपरेशन प्रहार पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस मानस पोर्टल अथवा टोल फ्री नंबर 1933 पर दें। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुंवर राम आर्य अपर उपनिरीक्षक पंकज घनसाला हेड कांस्टेबल नरेश राजवंशी कांस्टेबल प्रवेश पालियाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp