Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में तकनीक-सक्षम एवं दक्ष पुलिस बल तैयार करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन/आरटीसी चम्बा में 8 एवं 9 जुलाई को पुलिस संचार (वायरलेस) शाखा द्वारा प्रशिक्षु आरक्षियों के लिए दो दिवसीय विशेष तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रशिक्षु आरक्षियों को आधुनिक संचार प्रणाली सूचना प्रौद्योगिकी आपदा प्रबंधन तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी पुलिस रिस्पॉन्स के लिए तकनीकी रूप से दक्ष बनाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस संचार टीम ने प्रशिक्षु आरक्षियों को रेडियो कम्युनिकेशन प्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए एचएफ वीएचएफ लोअर बैंड एवं हायर बैंड वायरलेस सेटों की कार्यप्रणाली समझाई। साथ ही रेडियो टेलीफोन (आरटी) स्टेटिक सेट एवं हैंड सेट के संचालन उपयोग रखरखाव तथा संचार अनुशासन से संबंधित व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षुओं को मोबाइल डेटा टर्मिनल (एमडीटी) के प्रभावी उपयोग इसके माध्यम से सूचनाओं के त्वरित सुरक्षित एवं निर्बाध आदान-प्रदान विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से पुलिस कार्यों को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई। प्रशिक्षण सत्र में डायल-112 (ईआरएसएस) की संपूर्ण कार्यप्रणाली का भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। इसमें आपातकालीन कॉल प्राप्त होने से लेकर कंट्रोल रूम में सूचना दर्ज होने संबंधित थाना एवं पीआरवी की त्वरित कार्रवाई तथा घटना के सफल निस्तारण के बाद सूचना क्लोज किए जाने तक की पूरी प्रक्रिया से प्रशिक्षु आरक्षियों को अवगत कराया गया। इसके अलावा सीसीटीवी निगरानी प्रणाली के संबंध में भी विस्तृत जानकारी साझा की गई। प्रशिक्षुओं को सीसीटीवी प्रणाली की स्थापना के लिए आवश्यक उपकरणों विभिन्न प्रकार के कैमरों उनकी कार्यप्रणाली रिकॉर्डिंग के सुरक्षित संरक्षण तथा आवश्यकता पड़ने पर उसके विश्लेषण की व्यवहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान आपदा एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में संचार व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने त्वरित सूचना प्रसारण विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में संचार प्रणाली की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षु आरक्षियों को आधुनिक संचार उपकरणों के दक्ष उपयोग तकनीकी ज्ञान के निरंतर उन्नयन तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं समन्वित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के लिए नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण के महत्व पर विशेष बल दिया। टिहरी गढ़वाल पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक नवाचार और सतत प्रशिक्षण के माध्यम से दक्ष संवेदनशील एवं तकनीक-सक्षम पुलिस बल तैयार करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है ताकि आमजन को सुरक्षित त्वरित और विश्वसनीय पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp