Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों को आयुर्वेदिक उपचार की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए आयुष विंग जिला चिकित्सालय बौराडी नई टिहरी में सर्वांग स्वेदन चिकित्सा (Whole Body Steam Therapy) की शुरुआत कर दी गई है। चिकित्सालय की वरिष्ठ चिकित्साधिकारी (आयुर्वेद) डॉ.सिद्धि मिश्रा ने अवगत कराया कि सर्वांग स्वेदन आयुर्वेद की एक प्रभावी उपचार पद्धति है जिसमें औषधीय भाप के माध्यम से पूरे शरीर को स्वेदन दिया जाता है। यह चिकित्सा शरीर में संचित विषैले तत्वों को बाहर निकालने रक्त संचार को बेहतर बनाने तथा मांसपेशियों एवं जोड़ों के दर्द से राहत दिलाने में सहायक होती है। उन्होंने बताया कि यह चिकित्सा विशेष रूप से गठिया कमर दर्द सर्वाइकल जोड़ों के दर्द मांसपेशियों की जकड़न तनाव एवं वातजनित रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए लाभकारी है। नियमित चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार इस चिकित्सा का लाभ लेकर रोगी बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त कर सकते हैं। डॉ.सिद्धि ने बताया कि सर्वांग स्वेदन चिकित्सा प्रशिक्षित चिकित्सकीय टीम की निगरानी में की जाएगी तथा प्रत्येक मरीज की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करने के बाद ही उपचार प्रदान किया जाएगा। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ.सुभाष चन्द ने बताया कि जनपदवासियों को बेहतर आयुष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय आयुष चिकित्सालय नई टिहरी में सर्वांग स्वेदन चिकित्सा मशीन उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों को आधुनिक आयुर्वेदिक उपचार स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगा और उन्हें अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। आयुष विंग के डॉक्टरों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे आयुष विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस नई चिकित्सा सुविधा का लाभ उठाएं तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर उपचार प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp