प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति के बीच कोटद्वार स्थित सिद्धबली मंदिर के समीप पुल के नीचे दो पशु फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस कोटद्वार की टीम तत्काल रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और राहत अभियान शुरू किया। मौके पर पहुंची फायर टीम ने स्थिति का आकलन करने के बाद रस्सियों एवं अन्य आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से अभियान चलाया। कठिन एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने लगातार प्रयास करते हुए दोनों पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई और सफल रेस्क्यू अभियान की सराहना करते हुए टीम के प्रयासों की प्रशंसा की। रेस्क्यू अभियान में शामिल फायर टीम में एफएम विनोद एफएम योगेश एफएम वंदना तथा एफएम छाया शामिल रहे।
