Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर चमोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुए दो नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता से समय रहते बच्चों का सुरक्षित पता चलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस के अनुसार 11 जुलाई को परिजनों ने चौकी नन्दप्रयाग में सूचना दी कि उनके दो नाबालिग बच्चे सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान जानकारी मिली कि दोनों बच्चे किसी से देहरादून जाने की बात कह रहे थे जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई। सूचना मिलते ही चौकी नन्दप्रयाग पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खोज अभियान शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश की विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ करते हुए बच्चों के संभावित मार्गों पर लगातार खोजबीन की। लगातार प्रयासों और सतर्क कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस ने दोनों नाबालिग बच्चों को नन्दप्रयाग-बगड़ पुल के समीप सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक पूछताछ और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चों को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई संवेदनशील कार्यशैली और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्रवाई में हेड कांस्टेबल सुनील पैंथवाल कांस्टेबल पंकज मैखुरी होमगार्ड जगदीश और पीआरडी प्रवीन शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *