प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा के अपने संकल्प को निभाते हुए चमोली पुलिस ने एक बार फिर सराहनीय कार्य किया है। सर्विलांस तकनीक त्वरित कार्रवाई और विभिन्न राज्यों की पुलिस के बेहतर समन्वय से हरियाणा के एक यात्री का यात्रा के दौरान खोया मोबाइल पंजाब से बरामद कर उसे सकुशल वापस सौंप दिया गया। हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी दिनेश जेटली शर्मा हेमकुंड साहिब यात्रा पर आए थे। यात्रा के दौरान उनका रेडमी 6J71 मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया। उन्होंने चौकी घांघरिया थाना गोविंदघाट में इसकी सूचना देकर मोबाइल तलाशने की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी घांघरिया पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। चमोली पुलिस की सर्विलांस टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मोबाइल की लोकेशन पंजाब के तरणतारण जिले में ट्रेस की। इसके बाद चमोली पुलिस ने तरणतारण पुलिस से संपर्क कर मोबाइल से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की। तरणतारण पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उस युवक का पता लगाया जिसे यात्रा मार्ग में यह मोबाइल मिला था। युवक ने ईमानदारी का परिचय देते हुए मोबाइल पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद मोबाइल को सुरक्षित रूप से एक यात्री के माध्यम से चौकी घांघरिया भेजा गया। शनिवार को चौकी घांघरिया पुलिस ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मोबाइल उसके वास्तविक स्वामी दिनेश जेटली शर्मा को सौंप दिया। कई दिनों बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर यात्री के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने चमोली पुलिस एसओजी सर्विलांस टीम तथा तरणतारण पुलिस की त्वरित कार्रवाई बेहतर समन्वय और जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
