Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड पोखरी की न्याय पंचायत थालाबैंड के पोगठा में बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। राज्यमंत्री एवं उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष प्रेम सिंह राणा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया तथा उनकी समस्याओं का समाधान किया। शिविर में 268 लोगों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न विभागों द्वारा 20 से अधिक स्टॉल लगाए गए जहां योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन भी प्राप्त किए गए। शिविर में कुल छह जनशिकायतें प्राप्त हुईं जिनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शिविर के माध्यम से 155 लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कृषि विभाग ने 24 किसानों को स्प्रेयर एवं अन्य उन्नत कृषि यंत्र वितरित किए तथा ई-केवाईसी किसान कार्ड सहित कृषि संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराईं। किसानों को कृषि यंत्रों पर सरकार द्वारा दी जा रही 80 प्रतिशत तक की सब्सिडी उन्नत कृषि तकनीकों तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। उद्यान विभाग ने 12 लाभार्थियों को सब्जी बीज वितरित किए। समाज कल्याण विभाग ने 34 पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का सत्यापन एवं निस्तारण किया। बाल विकास विभाग ने दो महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की। पशुपालन विभाग ने 17 पशुपालकों को औषधि वितरण एवं पशुपालन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 35 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया। आयुष विभाग ने 25 लाभार्थियों को औषधियां एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जबकि ग्राम्य विकास विभाग ने 65 लोगों को विभिन्न प्रमाण-पत्रों एवं योजनाओं से संबंधित सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राजी देवी जिला पंचायत सदस्य वीरेन्द्र सिंह राणा उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *