प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सेवा सप्ताह के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में कुल 365 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि यह शिविर 14 एवं 15 जुलाई को भी जारी रहेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.राम प्रकाश ने बताया कि पहले दिन 147 पुरुषों एवं 218 महिलाओं सहित कुल 365 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 40 मरीज उच्च रक्तचाप तथा 35 मरीज मधुमेह से पीड़ित पाए गए। शिविर में 111 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच 77 मरीजों के अल्ट्रासाउंड 117 एक्स-रे तथा 126 लोगों की विभिन्न लैब जांच भी की गई। इसके अलावा चार लोगों ने रक्तदान भी किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में 14 और 15 जुलाई को भी विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। शिविर में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एस.के.द्विवेदी नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ.धनेश्वरी फिजीशियन डॉ.महेश जोशी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.संजीव कटारा डॉ.किरन डॉ.मनीष सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
