Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित एक दर्जन से अधिक शिकायतों की सुनवाई की। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन ई-ऑफिस तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता गंभीरता और जवाबदेही के साथ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा शिकायतकर्ता को समयबद्ध राहत मिलनी चाहिए। कार्यक्रम में श्रीनगर के स्वीत गांव निवासी दिनेश सिंह रावत ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से प्रभावित भूमि के सापेक्ष देय ब्याज राशि के भुगतान का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि बैठक समाप्त होते ही शिकायतकर्ता से आवश्यक अभिलेख प्राप्त कर नियमानुसार ब्याज राशि के भुगतान की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। तहसील पौड़ी के केवर्स गांव के ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति नियमित नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को निर्देश दिए कि बैठक समाप्त होने के तुरंत बाद शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान किया जाए। वहीं कलियासौड़ निवासी मदनलाल द्वारा पेयजल समस्या उठाए जाने पर संबंधित अवर अभियंता को उसी दिन मौके पर भेजकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अन्य शिकायतों के संबंध में भी संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जनता मिलन कार्यक्रम एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के परिणाम भी सामने आए। विकासखंड पोखड़ा के ग्राम ऐरोली मल्ली निवासी मनोहर प्रसाद पंत ने चौबट्टाखाल पम्पिंग पेयजल योजना के अंतर्गत 24 माह से लंबित मानदेय के भुगतान की शिकायत की थी। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में उनका 30 हजार रुपये का समस्त बकाया मानदेय भुगतान करा दिया गया। इसी प्रकार थलीसैंण के ग्राम रण्डोला निवासी बालम सिंह की नगर पंचायत थलीसैंण से संबंधित बिल भुगतान की शिकायत का भी तत्काल समाधान कर भुगतान की कार्रवाई पूरी की गई। ग्राम बैरागणा ढाडरी पट्टी नांदलस्यूं तहसील पौड़ी निवासी विजयलाल की पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर जल संस्थान की टीम ने मौके पर निरीक्षण किया। जांच में मुख्य पाइपलाइन सुचारु पाई गई जबकि शिकायतकर्ता के घर तक जाने वाली पाइपलाइन चोक मिली। विभागीय टीम ने पाइपलाइन की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी। इसी प्रकार अन्य शिकायतों की भी लगातार मॉनिटरिंग करते हुए उनका निस्तारण सुनिश्चित किया गया। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.शिवमोहन शुक्ला मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.विशाल शर्मा मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेय सयाना जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार पुलिस क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार चंद एसडीओ वन आयशा बिष्ट अधिशासी अभियंता जल संस्थान टी.एस.रावत विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अभिनव रावत पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता परशुराम चमोली जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन सिंह भंडारी जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp