Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर जनपद टिहरी गढ़वाल से 40 सदस्यीय दल को सोमवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित सोमनाथ के लिए रवाना किया। यह दल सात दिवसीय यात्रा पर सोमनाथ जाएगा। यात्रा दल में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से 40 प्रतिभागी शामिल हैं जिनमें 21 पुरुष और 19 महिलाएं हैं। सभी प्रतिभागी सोमवार शाम हर्रावाला (देहरादून) रेलवे स्टेशन से ट्रेन के माध्यम से सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेंगे। यह यात्रा जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क कराई जा रही है जिसका संचालन जिला युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है। यात्रा का उद्देश्य प्रतिभागियों को सोमनाथ के ऐतिहासिक सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराना तथा राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करना है। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने यात्रा दल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी यात्राएं देश की सांस्कृतिक धरोहर को समझने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा प्राप्त अनुभवों को समाज के साथ साझा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र सिंह फोनिया सहित विभागीय कार्मिक एवं यात्रा दल के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp