Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से मेलाधिकारी सोनिका ने मंगलवार को हर की पैड़ी एवं रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में संचालित तथा प्रस्तावित पुनर्विकास आधारभूत संरचना विकास और सौंदर्यीकरण परियोजनाओं का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आगामी कुम्भ मेले को सुरक्षित सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए सभी परियोजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मेला समाप्त होते ही सभी निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर शुरू किया जाए ताकि निर्धारित समय में सभी परियोजनाएं पूरी की जा सकें। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने रोड़ीबेलवाला दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग आस्था पथ एडमिन रोड अलकनंदा घाट भागीरथी घाट तथा शताब्दी पुल तक के क्षेत्र का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने उत्तराखंड निवेश एवं अवस्थापना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) उत्तराखंड प्रोजेक्ट डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीडीसीसी) तथा परियोजना प्रबंधन इकाई (पीएमयू) के अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुम्भ मेला-2027 के लिए विकसित की जा रही आधारभूत संरचनाएं केवल मेले की आवश्यकताओं तक सीमित नहीं रहेंगी बल्कि भविष्य के हरिद्वार की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं। इसलिए सभी निर्माण कार्य टिकाऊ सुरक्षित और दीर्घकालिक उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा समयबद्धता भी समान रूप से महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आस्था पथ एवं घाटों तक श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक स्थानों पर प्रवेश एवं निकास मार्ग विकसित किए जाएं। पैदल मार्गों पर मजबूत रेलिंग पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं का विकास किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक छोटी-बड़ी आवश्यकता पर गंभीरता से कार्य किया जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने आस्था पथ एवं घाटों के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर देते हुए मार्गों के किनारे हरित पट्टियां विकसित करने तथा स्थानीय जलवायु के अनुरूप फूलों एवं शोभाकार पौधों का रोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हरित और आकर्षक वातावरण कुम्भ मेले की भव्यता और आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक बढ़ाएगा। उन्होंने धनुष पुल से बैरागी कैंप तक आस्था पथ के विस्तार कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद इन परिसंपत्तियों के नियमित रखरखाव की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए जिससे भविष्य में भी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलती रहें। अधिकारियों ने मेलाधिकारी को अवगत कराया कि हर की पैड़ी पुनर्विकास आधारभूत संरचना विकास एवं सौंदर्यीकरण परियोजना लगभग 66.77 करोड़ रुपये की लागत से छह हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में विकसित की जा रही है। परियोजना के अंतर्गत घाटों के निर्माण एवं नवीनीकरण का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके साथ ही वॉकवे निर्माण विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था का उन्नयन सौंदर्यीकरण श्रद्धालु सुविधाओं का विस्तार तथा सीवेज एवं ड्रेनेज प्रणाली को सुदृढ़ बनाया जाएगा। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद हर की पैड़ी क्षेत्र अधिक आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्वरूप में दिखाई देगा। इसी प्रकार रोड़ीबेलवाला पुनर्विकास एवं विकास परियोजना लगभग 58.39 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 45 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जा रही है। परियोजना के तहत लगभग 25 हेक्टेयर क्षेत्र में सड़कों का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण सुव्यवस्थित वेंडिंग ज़ोन आधुनिक पार्किंग सार्वजनिक शौचालय पैदल मार्ग प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे रोड़ीबेलवाला क्षेत्र की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। अधिकारियों ने बताया कि एडमिन रोड का निर्माण कार्य प्रगति पर है जबकि आस्था पथ के मौजूदा हिस्से में मरम्मत एवं सुधार कार्य शुरू हो चुके हैं। नए निर्माण कार्य कांवड़ मेला समाप्त होने के तुरंत बाद प्रारंभ कर दिए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सीओ (कुंभ) बिपेन्द्र सिंह परियोजना प्रबंधन इकाई के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक सुमित मालवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp