Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम हरिद्वार तहसील प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को खड़खड़ी स्थित बैरागी धर्मशाला के सामने नानक चंद नामक व्यक्ति के आवास पर संचालित गोदाम में छापेमारी कर लगभग 5,000 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक बरामद की। मौके पर पूरी प्लास्टिक सामग्री जब्त करते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एक लाख रुपये का चालान किया गया। नगर निगम को लंबे समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि घाट क्षेत्र तथा आसपास के इलाकों में पॉलीथीन और सिंगल यूज़ प्लास्टिक बेचने वाले छोटे विक्रेताओं को खड़खड़ी क्षेत्र के एक गोदाम से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित प्लास्टिक की आपूर्ति की जा रही है। यही प्लास्टिक गंगा स्नान पर्व स्नान एवं अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान भारी मात्रा में कचरे और पर्यावरण प्रदूषण का प्रमुख कारण बन रही थी। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने संबंधित गोदाम पर पूर्व से निगरानी शुरू कर दी थी। पुख्ता सूचना मिलने के बाद मंगलवार को तहसील प्रशासन एवं पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान गोदाम से भारी मात्रा में सिंगल यूज़ प्लास्टिक बरामद हुई जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का निर्माण भंडारण परिवहन और बिक्री पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों का गंभीर उल्लंघन है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को हरिद्वार में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से आगे भी ऐसे सघन अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी अभियान के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी तहसीलदार सचिन कुमार मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार उप निरीक्षक नवीन नेगी सहित नगर निगम तहसील प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp