Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की निर्वाचक नामावली के आलेख्य प्रकाशन (ड्राफ्ट रोल) की जानकारी देते हुए संबंधित विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची की प्रतियां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए तैयार की गई जनपद हरिद्वार की विशेष गहन पुनरीक्षित निर्वाचक नामावली का ड्राफ्ट प्रकाशित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक ऐसे पात्र नागरिक जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है वे निर्धारित प्रपत्र-6 भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तहसील कार्यालय निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ/एईआरओ) अथवा ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यदि किसी मतदाता के नाम पते या अन्य विवरण में त्रुटि है तो उसका संशोधन भी निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से कराया जा सकता है। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से मतदाता सूची का गहन परीक्षण कर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने त्रुटियों के सुधार तथा आवश्यक दावे एवं आपत्तियां समयबद्ध ढंग से प्रस्तुत कराने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैठक में बताया गया कि एएसडी (ASD) सूची भी उपलब्ध करा दी गई है। राजनीतिक दल इसके आधार पर मतदाता सूची का परीक्षण कर सकते हैं तथा यदि किसी मतदाता का नाम त्रुटिवश सम्मिलित पाया जाता है तो नियमानुसार आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। जनपद की सभी 11 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद हरिद्वार की 11 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 12,46,219 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 6,64,795 पुरुष,5,81,323 महिला तथा 101 अन्य मतदाता शामिल हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक ईआरओ एवं एईआरओ द्वारा आवश्यकतानुसार नोटिस जारी किए जाएंगे तथा प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण एवं निस्तारण किया जाएगा। मयूर दीक्षित ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों एवं संबंधित अधिकारियों का समन्वित प्रयास आवश्यक है। उन्होंने सभी दलों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए निर्वाचन विभाग की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालेश्वर सिंह कैलाश चंद बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष मदन पाल भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री धर्मेंद्र सिंह रवीश सैनी सीपीआई (एम) के राजीव गर्ग अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र कुमार सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी धर्मपाल सिंह रावत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp