Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 15 जुलाई को प्रस्तावित जनपद चमोली भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मंगलवार को गोपेश्वर में कार्यक्रम स्थल एवं संबंधित व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध सुव्यवस्थित एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मिनी स्टेडियम हेलीपैड तथा पुलिस लाइन गोपेश्वर में आयोजित होने वाले सेवा सुशासन समर्पण एवं जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था यातायात प्रबंधन पार्किंग पेयजल विद्युत आपूर्ति साफ-सफाई बैरिकेडिंग मंच बैठक व्यवस्था जनसुविधाओं तथा विभागीय समन्वय से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से हो सके। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं तथा कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा यातायात एवं जनसुविधाओं से जुड़े सभी इंतजामों की अंतिम समीक्षा समय रहते कर ली जाए जिससे कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई पेयजल विद्युत व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 15 जुलाई को प्रातः 11:35 बजे मिनी स्टेडियम हेलीपैड गोपेश्वर पहुंचेंगे। इसके उपरांत दोपहर 12:20 बजे से 1:20 बजे तक पुलिस लाइन गोपेश्वर में आयोजित सेवा सुशासन समर्पण एवं जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:35 बजे मिनी स्टेडियम हेलीपैड गोपेश्वर से देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी जिलाधिकारी को दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp