Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को बहादराबाद-कलियर कांवड़ पटरी मार्ग भूपतवाला तथा दूधाधारी चौक क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर होटलों ढाबों रेस्टोरेंटों एवं स्थायी खाद्य स्टॉलों का सघन निरीक्षण किया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कई प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किए गए तथा न्यायालय में वाद भी दायर किए गए। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान विभाग की ओर से तीन चरणों में विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों में फूड लाइसेंस फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड स्वच्छता व्यवस्था रेट लिस्ट खाद्य गुणवत्ता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों की जानकारी देकर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र के नेतृत्व में टीम ने भूपतवाला एवं दूधाधारी चौक क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक होटल बिना फूड रजिस्ट्रेशन के संचालित पाया गया जिसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना पंजीकरण खाद्य व्यवसाय संचालित करने एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने तथा अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य कारोबार करने पर छह खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) न्यायालय में वाद दायर किए गए। वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में दूसरी टीम ने बहादराबाद-कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर स्थित 13 होटलों ढाबों एवं रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया। इस दौरान चार प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीकरण के संचालित पाए गए जिन्हें मौके पर नोटिस जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विभाग ने पूर्व में लक्सर क्षेत्र से लिए गए मावा के नमूनों की जांच रिपोर्ट का भी संज्ञान लिया। प्रयोगशाला जांच में मावा असुरक्षित पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड से स्वीकृति प्राप्त कर संबंधित निर्माता के विरुद्ध मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिद्वार के न्यायालय में अभियोजन की कार्रवाई भी की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करें प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखें तथा वैध लाइसेंस एवं पंजीकरण के साथ ही खाद्य व्यवसाय संचालित करें ताकि कांवड़ मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp