प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम (नेशनल टीबी एलिमिनेशन प्रोग्राम) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में “टीबी मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को 20 जुलाई तक जनपद के सभी चिन्हित क्षेत्रों में टीबी स्क्रीनिंग अभियान पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “टीबी हारेगा देश जीतेगा” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्याम विजय ने बताया कि 24 मार्च से जनपद में लगातार टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 200 एक्स-रे किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनपद के 412 हाई रिस्क गांवों में से 361 गांवों में अभियान संचालित किया जा चुका है तथा अब तक 13,765 एक्स-रे किए जा चुके हैं। इसके अलावा संवेदनशील (वल्नरेबल) आबादी की स्क्रीनिंग भी निरंतर जारी है। जिलाधिकारी ने सभी विकासखंडों के नोडल अधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए प्रत्येक पात्र व्यक्ति की स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए। बैठक में विकासखंड भिलंगना की चिकित्सा अधीक्षक डॉ.उषा ने बताया कि क्षेत्र में अब तक 31 टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जा चुके हैं जिनमें 2,039 लोगों की जांच की गई है। वहीं कीर्तिनगर के चिकित्सा अधिकारी डॉ.आकाशदीप ने बताया कि विकासखंड में 39 स्क्रीनिंग शिविर आयोजित कर 560 से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने दोनों विकासखंडों सहित सभी क्षेत्रों में स्क्रीनिंग अभियान की गति और बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान निक्षय मित्र योजना की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने जानकारी दी कि जनपद में 95 बच्चे कुपोषण की श्रेणी में चिन्हित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक माह के भीतर इन बच्चों को कुपोषण की श्रेणी से बाहर लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक बच्चों की स्क्रीनिंग लंबाई एवं वजन का नियमित परीक्षण तथा आवश्यक उपचार एवं पोषण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्याम विजय ने बैठक में उपस्थित सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीबी स्क्रीनिंग अभियान में उपयोग की जा रही एक्स-रे मशीनों के सुरक्षित परिवहन रखरखाव एवं सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से उपकरणों के सुरक्षित संचालन एवं संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में संबंधित विभागों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
