प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय में मंगलवार को राजपुर विधानसभा की एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मतदाता सूची के शुद्धिकरण छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने की। उन्होंने सभी अतिथियों बूथ अध्यक्षों बीएलए-1 बीएलए-2 शक्ति केंद्र संयोजकों एवं मंडल कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि एसआईआर का प्रथम चरण पूर्ण हो चुका है। अब प्रत्येक कार्यकर्ता की नैतिक जिम्मेदारी है कि जिन मतदाताओं का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है या छूट गया है उन्हें सूची में शामिल कराने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का सूक्ष्म परीक्षण कर पात्र मतदाताओं को जोड़ना संगठन की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उत्तराखंड सरकार के दर्जाधारी मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्योति प्रसाद गैरोला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एसआईआर की गंभीरता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राजपुर विधानसभा भाजपा की महत्वपूर्ण विधानसभा है जहां से विधायक खजान दास राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह अपने-अपने बूथ पर मतदाता सूची का गहन परीक्षण करे और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने का कार्य पूरी निष्ठा से करे। उन्होंने कहा कि जिन प्रपत्रों में त्रुटियां रह गई हैं और जिन पर नोटिस प्राप्त होंगे उन सभी विसंगतियों को समय रहते ऑनलाइन माध्यम से दूर कर मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज कराया जाए। साथ ही जिन युवाओं ने हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूरी की है उनका मतदाता पंजीकरण कर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना भी कार्यकर्ताओं का प्रमुख दायित्व है। ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि आज का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और नवाचार की यात्रा से जुड़ना चाहता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं राजपुर विधायक खजान दास ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के कारण उन्हें लगातार दो बार राजपुर विधानसभा का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला तथा संगठन और जनता के आशीर्वाद से उन्हें कैबिनेट मंत्री का दायित्व भी प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि राजपुर विधानसभा का प्रत्येक कार्यकर्ता निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य करता है और उन्हें विश्वास है कि सभी कार्यकर्ता एसआईआर अभियान को पूरी जिम्मेदारी से सफल बनाएंगे तथा आगामी विधानसभा चुनाव में राजपुर विधानसभा सहित पूरे प्रदेश में भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा राहुल लारा एवं श्रीमती पूनम शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर दायित्वधारी राज्य मंत्री मधु भट्ट वरिष्ठ नेता रविंद्र कटारिया विशाल गुप्ता हरीश डोरा महानगर उपाध्यक्ष ओम कक्कड़ सुनील शर्मा प्रदीप कुमार गुरप्रीत हरीश नारंग लक्ष्मी अग्रवाल मंडल महामंत्री अवधेश तिवारी अंकुर जैन साक्षी शंकर पूनम राहुल सहित सभी पार्षद बूथ अध्यक्ष शक्ति केंद्र संयोजक एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
