प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 की चयन प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष हो तथा पात्र खिलाड़ियों को ही योजना का लाभ मिले। बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना वर्ष 2022-23 से संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य जनपद के प्रतिभाशाली एवं उदीयमान खिलाड़ियों के खेल कौशल का विकास करना तथा उनकी खेल उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना है। जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए चयन ट्रायल 13 जुलाई से प्रारंभ होंगे। योजना के तहत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 150 बालक एवं 150 बालिकाओं सहित कुल 300 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रत्येक खिलाड़ी को प्रतिमाह 1,500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी जिससे उनकी खेल प्रतिभा को प्रारंभिक स्तर से ही बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 8-9, 9-10,10-11,11-12, 12-13 तथा 13-14 वर्ष आयु वर्ग में प्रत्येक आयु वर्ग से 25 बालक एवं 25 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। खिलाड़ियों का चयन स्वास्थ्य परीक्षण एवं खेल संबंधी फिटनेस के आधार पर किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में 30 मीटर फ्लाइंग रन स्टैंडिंग ब्रॉड जंप फॉरवर्ड बेंड एंड रीच 6×10 शटल रन मेडिसिन बॉल पुट तथा 600 मीटर दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। बैठक में बताया गया कि विद्यालय स्तरीय ट्रायल 13 जुलाई न्याय पंचायत एवं नगर निकाय स्तर पर 14 से 20 जुलाई विकासखंड स्तर पर 22 से 26 जुलाई तथा जनपद स्तरीय ट्रायल 28 से 30 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं पंजीकरण khelouk.in पोर्टल पर प्राप्त कर सकते हैं। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने रोस्टर के अनुसार कार्य करते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने तथा चयन प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं सुचारु व्यवस्था के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल शिक्षा अधिकारी पूनम चौहान विमल नेगी ममता भट्ट सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
