Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को निखारने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम योजना 2026-27 के तहत हरिद्वार में जनपद स्तरीय चयन ट्रायल शुरू हो गए हैं। प्रथम दिवस योगस्थली खेल परिसर रोशनाबाद में हॉकी बॉक्सिंग कबड्डी जूडो एवं कराटे के चयन ट्रायल आयोजित किए गए जिसमें 116 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चार आयु वर्गों 14 से 17 वर्ष 17 से 19 वर्ष 19 से 21 वर्ष तथा 21 से 23 वर्ष में विकासखंड नगर निगम एवं नगर पालिका स्तर से चयनित खिलाड़ियों ने चयन ट्रायल में हिस्सा लिया। पांच खेल विधाओं में 77 बालक और 39 बालिकाओं सहित कुल 116 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। खिलाड़ियों का चयन बैट्री टेस्ट के साथ खेल एवं स्पर्धा-विशिष्ट कौशल तथा दक्षता के आधार पर किया गया। बैट्री टेस्ट में 30 मीटर फ्लाइंग रन वर्टिकल जंप 6×10 शटल रन मेडिसिन बॉल थ्रो तथा 800 मीटर दौड़ को शामिल किया गया। मेरिट के आधार पर प्रत्येक आयु वर्ग में प्रत्येक खेल से दो बालक और दो बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही खेल उपकरणों के लिए वर्ष में 10,000 रुपये की एकमुश्त धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खिलाड़ियों के बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाएगी। 21 अगस्त को पांच खेलों के होंगे चयन ट्रायल मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम योजना के तहत द्वितीय दिवस 21 अगस्त 2026 को योगस्थली खेल परिसर में सुबह 8 बजे से बास्केटबॉल ताईक्वांडो फुटबॉल टेबल-टेनिस एवं वॉलीबॉल के जनपद स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया का सफल संचालन जिला खेल विभाग शिक्षा विभाग चिकित्सा विभाग एवं युवा कल्याण विभाग के समन्वय से किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *