Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। राज्य आपदा प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री विनय कुमार रोहिला की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार रुड़की में मानसून के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन तैयारियों की विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए राज्य मंत्री ने निर्देश दिए कि जनपद में किसी भी आपदा की स्थिति उत्पन्न होने पर सभी अधिकारी आपसी समन्वय त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। राज्य मंत्री ने कहा कि भारी वर्षा के कारण जिन क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है वहां संबंधित अधिकारी जलनिकासी के लिए तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने नगर निगम सिंचाई विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि जनपद में बंद पड़े सभी नाला-नालियों को एक सप्ताह के भीतर खोलने की कार्रवाई हर हाल में पूरी की जाए ताकि बारिश के पानी की सुचारु निकासी हो सके और जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। मानसून के दौरान डेंगू की रोकथाम पर विशेष जोर देते हुए विनय कुमार रोहिला ने स्वास्थ्य विभाग नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में बरसाती पानी एकत्र न होने पाए। इसके लिए नियमित साफ-सफाई फॉगिंग और जनजागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएं। बैठक में कई विभागीय अधिकारियों के उपस्थित न होने पर राज्य मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान राज्य मंत्री विनय कुमार रोहिला ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राज्य मंत्री ने ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत नगर निगम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। राज्य मंत्री ने शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों के परिसरों में झाड़ियों और घास की नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए ताकि छात्र-छात्राओं को सर्पदंश का खतरा न रहे। साथ ही उन्होंने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे मिड डे मील की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निगम जल संस्थान और सिंचाई विभाग को नगर निगम नगर पंचायत एवं नगर पालिका क्षेत्रों में बिना विभागीय अनुमति के किसी भी सड़क को न तोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने सीवरेज कार्य के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने के साथ ही बंद और चोक पड़ी सीवरेज लाइनों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्रवासियों की ओर से बताई गई समस्याओं का तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके सभी दिशा-निर्देशों का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाएगा। मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन जलभराव की रोकथाम डेंगू नियंत्रण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरी तत्परता से लागू किया जाएगा। इस अवसर पर मेयर रुड़की अनीता अग्रवाल राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बेनीवाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत जनप्रतिनिधि स्थानीय लोग सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *