प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और नशा तस्करों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पौड़ी पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मादक पदार्थ बरामदगी के मामले में करीब तीन माह से फरार चल रहे 2500 रुपये के इनामी अभियुक्त अब्दुल रऊफ को बिजनौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सर्विलांस तकनीकी साक्ष्यों स्थानीय सूचनाओं और सटीक सूचना संकलन के आधार पर यह कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने नशा तस्करों की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने तथा नशे की बिक्री आपूर्ति परिवहन और वितरण से जुड़ी प्रत्येक कड़ी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए हैं। इसी क्रम में 26 मई 2026 को कोटद्वार पुलिस और सीआईयू टीम ने संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान नजीबाबाद निवासी प्रमोद यादव के कब्जे से 20 ग्राम स्मैक बरामद की थी। मामले की जांच और मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल के दौरान पुलिस को अब्दुल रऊफ निवासी नगीना जनपद बिजनौर की संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली। घटना के बाद से अब्दुल रऊफ लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी की ओर से उस पर 2500 रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया तथा गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों सर्विलांस स्थानीय सूचनाओं और लगातार पतारसी-सुरागरसी के माध्यम से अभियुक्त की गतिविधियों पर नजर रखी। विभिन्न संभावित स्थानों पर दबिश देने और सूचनाओं के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने 19 अगस्त 2026 को रायपुर, जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश से वांछित एवं इनामी अभियुक्त अब्दुल रऊफ को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त अब्दुल रऊफ पुत्र अनीफ अहमद निवासी नगीना जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस टीम में सीआईयू प्रभारी उपनिरीक्षक रणजीत सिंह तोमर कोतवाली कोटद्वार के हेड कांस्टेबल गुरमीत सीआईयू के कांस्टेबल अवनीश और कांस्टेबल सितांशु शामिल रहे।
