Spread the love

प्रदीप कुमार
मुनिकीरेती-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। थाना मुनिकीरेती क्षेत्र में हुई दो स्कूटी चोरी की घटनाओं का टिहरी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी की दोनों स्कूटियां बरामद कर ली हैं। 20 अगस्त 2026 को काजल गोहिल निवासी गंगा स्थल अपार्टमेंट मुनिकीरेती ने गंगा स्थल अपार्टमेंट की पार्किंग से स्कूटी चोरी होने की सूचना पुलिस को दी थी। इसी दिन ऋषि राजपूत निवासी सकलानी विहार ढालवाला मुनिकीरेती ने गंगा रिसोर्ट रोड से स्कूटी चोरी होने की शिकायत की थी। दोनों घटनाओं के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन अवलोकन किया। इसके साथ ही पतारसी एवं सुरागरसी करते हुए संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीम को मिले सुरागों के आधार पर जयदीप चक्रवर्ती उम्र 20 वर्ष, पुत्र स्वर्गीय अरुण चक्रवर्ती निवासी भट्ट नगर आम बागान थाना लिलुआ जिला हावड़ा पश्चिम बंगाल हाल निवासी विष्णु घाट हरिद्वार को थाना मुनिकीरेती क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से गंगा स्थल अपार्टमेंट की पार्किंग से चोरी की गई स्कूटी बरामद की। इसके बाद अभियुक्त की निशानदेही पर गंगा रिसोर्ट रोड से चोरी की गई दूसरी स्कूटी भी बरामद कर ली गई। इस तरह पुलिस ने 24 घंटे के भीतर वाहन चोरी की दोनों घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो चोरी की स्कूटियां बरामद कीं। गिरफ्तार अभियुक्त जयदीप चक्रवर्ती को रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। बरामद स्कूटियां पुलिस ने स्कूटी संख्या UK-07FB-6696 और स्कूटी संख्या UK-14B-9254 बरामद की हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह रावत चौकी प्रभारी भद्रकाली थाना मुनिकीरेती हेड कांस्टेबल 137 सुनील सैनी तथा कांस्टेबल 01 नीरज कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *