प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज चन्द्रनगर में ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत ने की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया गया। शिविर में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग समाज कल्याण कृषि उद्यान तथा बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान आमजन की कुल 35 शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के तहत अधिकारियों कर्मचारियों जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। उपजिलाधिकारी अनिल रावत ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का यथासंभव मौके पर समाधान करना तथा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में लगातार ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों नागरिकों एवं विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने गढ़वाली भाषा में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि लोग अपने गांवों में रहकर स्वरोजगार अपनाएं। होमस्टे फूलों की खेती स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर सब्जी उत्पादन दुग्ध उत्पादन तथा कोदा और झंगोरा जैसी पारंपरिक फसलों की खेती कर अपनी आजीविका को मजबूत बनाया जा सकता है। सीमांत अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव आज गांव-गांव तक दिखाई दे रहा है। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने किसानों की आय बढ़ाने युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार उपलब्ध कराने तथा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सुरक्षा देने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सेवा सुशासन और समर्पण की भावना के साथ प्रदेश के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही स्थान पर सभी विभागों की योजनाओं की जानकारी एवं लाभ मिल सके। उन्होंने कार्तिक स्वामी क्षेत्र को पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने तथा पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन किशन सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर शकुन्तला जगवाण (पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा) बृजमोहन सिंह नेगी (मंडल अध्यक्ष भाजपा) प्रवीणा देवी (ग्राम प्रधान केड़ा मल्ला) शौका देवी (ग्राम प्रधान सेनागदसारी) बबीता देवी (ग्राम प्रधान भणज ग्वाड़) रघुवीर लाल (पूर्व प्रधान कण्सिली) जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली सुपरवाइजर बाल विकास रागिनी जोशी सहायक उद्यान निरीक्षक प्रकाश आर्य सहायक कृषि अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
