प्रदीप कुमार
गंगनहर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने एक नशा तस्कर को 11 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अवैध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नशा तस्करी की रोकथाम के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 जुलाई 2026 को तेलीवाला जाने वाले अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह सकपका गया और भागने का प्रयास करने लगा जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 11 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान जुबेर पुत्र आबिद हसन निवासी ग्राम तेलीवाला थाना पिरान कलियर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा खरीदने और बेचने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक संजीव चौहान उपनिरीक्षक ब्रह्मदत्त विजल्वाण हेड कांस्टेबल यूनूस बेग एवं हेड कांस्टेबल अशोक तिवारी की पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
