Spread the love

प्रदीप कुमार
मुनिकीरेती-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी पुलिस ने साहस सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए गंगा की प्रचंड धारा में बह रहे एक ही परिवार के चार लोगों को मौत के मुंह से सकुशल बाहर निकालकर उनकी जान बचा ली। पुलिस की इस बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को जयपुर (राजस्थान) से आया एक परिवार मुनिकीरेती क्षेत्र स्थित शत्रुघ्न घाट पर गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान परिवार के सदस्य नानू का पैर फिसल गया और वह गंगा की तेज धारा में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में परिवार के अन्य सदस्य भी तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते चारों गंगा में डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही घाट पर ड्यूटी पर तैनात टिहरी पुलिस जल पुलिस एवं आपदा राहत दल ने बिना समय गंवाए अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा की तेज धारा में छलांग लगा दी। लाइफ बॉय की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद सभी को सुरक्षित स्थान पर लाकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। सकुशल बचाए जाने पर परिवार के सदस्यों ने टिहरी पुलिस जल पुलिस एवं आपदा राहत दल का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनकी त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई की सराहना की। इस सफल रेस्क्यू अभियान में हेड कांस्टेबल विदेश चौहान हेड कांस्टेबल राजेंद्र गोताखोर पियूष चौहान गोताखोर महेंद्र चौधरी सिंह तथा संतोष कुमार शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने आमजन श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि मानसून के दौरान गंगा का जलस्तर और बहाव अत्यधिक तेज रहता है। ऐसे में गंगा में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें केवल निर्धारित सुरक्षित स्थलों पर ही स्नान करें तथा चेतावनी संकेतों एवं पुलिस के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। टिहरी पुलिस ने कहा कि वह तत्परता साहस और सेवा भाव के साथ आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp