Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सकुशल एवं व्यवस्थित संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बुधवार को कांवड़ पटरी मार्ग एवं मेला क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुगम आवागमन और यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। निरीक्षण की शुरुआत शंकराचार्य चौक से की गई। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने ऋषिकुल पुल प्रेमनगर चौक सिंहद्वार आर्यनगर चौक दुर्गा चौक लाल पुल जटवाड़ा पुल बहादराबाद होते हुए रुड़की तक कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों सुरक्षा व्यवस्थाओं यातायात संचालन प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का विस्तार से अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन घाटों के समीप सुरक्षा दीवार नहीं होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को तत्काल बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संभावित जलभराव वाले स्थानों का समय रहते चिन्हीकरण कर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित करने मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई एवं पेड़ों की लॉपिंग शीघ्र पूर्ण कराने तथा सुरक्षा की दृष्टि से अंडरपास के खुले स्थानों पर जाली लगाकर उनका समुचित प्रबंधन करने के निर्देश दिए जिससे किसी भी अप्रिय घटना की संभावना न रहे। उन्होंने कांवड़ यात्रियों के लिए निर्धारित यात्रा मार्ग भीड़ नियंत्रण यातायात संचालन सड़क मरम्मत बैरिकेडिंग प्रकाश व्यवस्था पेयजल स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। जिला पंचायत को अस्थायी शौचालयों की संख्या बढ़ाने तथा यात्रियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि संपूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग को सुरक्षित सुगम और गड्ढामुक्त बनाया जाए। जहां कहीं भी मरम्मत अथवा निर्माण कार्य चल रहे हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। साथ ही सभी भंडारों एवं शौचालयों के स्थानों पर स्पष्ट सूचना पट्ट एवं दिशासूचक संकेतक लगाए जाएं। उन्होंने जल संस्थान को पेयजल व्यवस्था तथा विद्युत विभाग को कांवड़ पटरी मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था समय से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ मेले से संबंधित सभी निर्माण कार्य एवं व्यवस्थाएं हर हाल में 25 जुलाई तक पूर्ण कर ली जाएं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कानून-व्यवस्था भीड़ नियंत्रण तथा यातायात संचालन की सभी तैयारियां पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा जहां बैरिकेडिंग की आवश्यकता है वहां तत्काल बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही सतत निगरानी एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने पर बल दिया ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके। निरीक्षण के दौरान डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ एसपी देहात शेखर जुयाल एसपी ट्रैफिक निशा यादव एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बिनवाल अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश विश्नोई सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह अधिशासी अभियंता विद्युत दीपक सैनी जल संस्थान के विपिन चौहान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता खुशवंत सिंह चौहान ट्रैफिक इंस्पेक्टर संदीप सीपीयू प्रभारी हितेश जिला पंचायत अभियंता संजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp