Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत बुधवार को रुड़की विकासखंड सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सेवा पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं का समाधान कराया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री नितिन गौतम श्यामवीर सैनी देशराज कर्णवाल आदेश सैनी भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मधु सिंह प्रदेश महामंत्री देवी सिंह राणा ब्लॉक प्रमुख भाजपा नेता सुशील त्यागी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। शिविर में कुल 2318 क्षेत्रवासियों ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 51 आवेदन प्राप्त हुए जिनका शत-प्रतिशत मौके पर ही निस्तारण किया गया। विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री नितिन गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर निवासरत व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को आत्मसात करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा सुशासन के माध्यम से पारदर्शिता स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने बीते पांच वर्षों में अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की हैं तथा समान नागरिक संहिता और सशक्त भू-कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णय लागू किए हैं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ऐसे शिविर अत्यंत प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन तथा विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी रुड़की सुमन कोटियाल ने किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्राम प्रधान जनप्रतिनिधि संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp