Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में संचालित “स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार अभियान” के अंतर्गत मनसा देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को स्वच्छ सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता अभियान का तीसरा दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के तहत मंदिर परिसर पैदल मार्ग तथा आसपास के वन क्षेत्र में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि अभियान के तीसरे दिन हरिद्वार रेंज राजाजी टाइगर रिजर्व के 10 कर्मचारी मनसा देवी मंदिर समिति के 5 सफाई कर्मी तथा उषा ब्रेका कंपनी लिमिटेड के 20 कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभियान के दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पैदल मार्ग सीढ़ी मार्ग तथा आसपास के वन क्षेत्र में फैले प्लास्टिक पॉलीथीन एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों का संग्रहण कर उनका नियमानुसार निस्तारण कराया। साथ ही श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने एकल उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने तथा कूड़ा केवल निर्धारित स्थानों पर डालने के लिए जागरूक किया गया। स्वच्छता अभियान के साथ “हरित हरिद्वार” अभियान के तहत उन स्थानों पर वृक्षारोपण भी किया गया जहां से कचरा हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया था। पैदल मार्ग के किनारों एवं साफ किए गए वन क्षेत्रों में औषधीय एवं छायादार पौधे लगाए गए ताकि भविष्य में यह क्षेत्र अधिक हराभरा स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बन सके। अभियान के दौरान लगभग 1.5 टन सूखा कचरा एकत्रित किया गया जिसका समुचित निस्तारण नगर निगम हरिद्वार की कूड़ा गाड़ी के माध्यम से कराया गया। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं आमजन से हरिद्वार की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp