Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कनखल थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से चोरी हुई दो मोटरसाइकिलों का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दोनों स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की गई बाइक को लक्सर और खानपुर क्षेत्र में बेचने की फिराक में थे। पुलिस के अनुसार गणेशपुरम कॉलोनी सतीकुंड निवासी चंद्रशेखर तथा केदार अपार्टमेंट निवासी राजकुमार ने ई-एफआईआर के माध्यम से अपनी-अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। एक बाइक 30 जून 2026 को सतीकुंड क्षेत्र से तथा दूसरी 6 जुलाई 2026 को बंगाली अस्पताल के बाहर से चोरी हुई थी। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की के अंतर्गत मुकदमे दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम 15 जुलाई 2026 को जमालपुर-जियापोता रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की दो मोटरसाइकिलों पर सवार दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई। ई-चालान मशीन के माध्यम से इंजन और चेसिस नंबर की जांच करने पर दोनों मोटरसाइकिलें चोरी की निकलीं। एक बाइक का नंबर UP20AZ1647 तथा दूसरी का नंबर UP19C2366 पाया गया जो कनखल क्षेत्र से चोरी हुई थीं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने बंगाली अस्पताल और सतीकुंड क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं तथा उन्हें बेचने के लिए लक्सर और खानपुर ले जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक पुत्र जयचंद निवासी पुरुषोत्तम नगर थाना पथरी जनपद हरिद्वार तथा शांतनु पुत्र मोहन निवासी खानपुर ब्रह्मपुर कोतवाली लक्सर जनपद हरिद्वार शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp