Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य आंदोलनकारियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की विभिन्न समस्याओं तथा उनसे जुड़े लंबित मामलों के समाधान को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच तथा स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी कल्याण समिति के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों और सुझावों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। बैठक के दौरान उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रतिनिधियों ने बताया कि स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की स्मृति से संबंधित निर्माण कार्य अभी तक पूर्ण नहीं हो पाया है। इसके अलावा टिहरी जनपद के शहीद राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों का निर्माण राज्य आंदोलन से जुड़ी समस्त जानकारी उपलब्ध कराने के लिए स्मारक पट्ट की स्थापना तथा विद्युत एवं पेयजल कनेक्शन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं अभी भी लंबित हैं जिन्हें शीघ्र पूरा किया जाना आवश्यक है। स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी कल्याण समिति के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में जनपद मुख्यालय नई टिहरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक के निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान एवं नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराने के लिए स्मारक का निर्माण आवश्यक है। सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का योगदान राज्य और राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहा है। उनकी समस्याओं का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सुमन पार्क से संबंधित विषय पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बैठक के उपरांत दोनों पक्ष संयुक्त रूप से सुमन पार्क का स्थलीय निरीक्षण करें तथा आपसी सहमति से एक व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्राप्त कार्ययोजना के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पार्क के विकास संरक्षण तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करें तथा राज्य आंदोलनकारियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। बैठक में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के पूर्व अध्यक्ष ज्योति प्रसाद भट्ट महासचिव किशन सिंह रावत डॉ.राजेंद्र भूषण गोदियाल अध्यक्ष सुंदरलाल उनियाल देवेंद्र नौडियाल उपाध्यक्ष उत्तम सिंह चौहान सचिव जगजीत सिंह नेगी सदस्य विक्रम सिंह नेगी विजेंद्र सिंह राणा मोहन सिंह बुटोला सहित अन्य राज्य आंदोलनकारी स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp