Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर/चमोली श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चार दिनों से लंबित ठेकेदारी पंजीकरण का तत्काल समाधान कर लाभार्थी को मौके पर ही पंजीकरण प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम के दौरान विकासखंड दशोली के ग्राम कौजपोथनी निवासी जयदीप सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष शिकायत दर्ज कराई कि लोक निर्माण विभाग में मोटर मार्ग एवं पुलिया निर्माण कार्यों के लिए ठेकेदारी पंजीकरण का उनका आवेदन पिछले चार दिनों से लंबित पड़ा है जिसके कारण उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं उसी दिन पूरी कर आवेदन का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बाद विभागीय अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लंबित प्रक्रिया पूरी की और शिविर स्थल पर ही जयदीप सिंह को ठेकेदारी पंजीकरण का प्रमाण-पत्र सौंप दिया। अपनी समस्या का तत्काल समाधान होने पर लाभार्थी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ जैसे शिविर आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो रहा है और उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp