Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। इस दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री स्वीकृति पत्र और वित्तीय सहायता वितरित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में जनभागीदारी उल्लेखनीय रही। शिविर में कुल 7,472 लोगों ने भाग लिया। विभिन्न विभागों को प्राप्त 1,737 आवेदनों का शिविर के दौरान ही निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त 203 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 172 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। शिविर के माध्यम से 4,632 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान विकासखंड नन्दानगर के ग्राम खलतरा निवासी श्रीमती सरिता देवी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके क्षेत्र में झंगोरे का उत्पादन काफी मात्रा में होता है लेकिन मड़ाई और प्रसंस्करण की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल पाता। उन्होंने झंगोरा मड़ाई एवं प्रोसेसिंग मशीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने तत्काल कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए शिविर स्थल पर ही कृषि विभाग के स्टॉल से उन्हें झंगोरा मड़ाई एवं प्रोसेसिंग मशीन उपलब्ध कराई। मुख्यमंत्री की इस त्वरित कार्रवाई से सरिता देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए सरकार का आभार जताया। विकासखंड दशोली के ग्राम रौली ग्वाड़ निवासी नीरज भट्ट ने लिलियम फूलों की खेती के लिए अगस्त माह तक बीज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को एक माह के भीतर बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं विकासखंड ज्योतिर्मठ के ग्राम बड़ागांव निवासी गुलशन सिंह राणा ने पोल्ट्री फार्म स्थापित करने के लिए पोल्ट्री हट उपलब्ध कराने की मांग रखी जिस पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय पशुधन मिशन के अंतर्गत प्रस्ताव स्वीकृत कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार विकासखंड दशोली के ग्राम कौजपोथनी निवासी जयदीप सिंह ने लोक निर्माण विभाग में मोटर मार्ग एवं पुलिया निर्माण कार्यों के लिए ठेकेदारी पंजीकरण चार दिनों से लंबित होने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिशासी अभियंता को उसी दिन सभी औपचारिकताएं पूरी कर पंजीकरण स्वीकृत करने के निर्देश दिए। वहीं विकासखंड पोखरी के ग्राम नौली निवासी देवेन्द्र सिंह ने एप्पल मिशन के तहत सेब के पौधे और ओलावृष्टि से फलों की सुरक्षा के लिए एंटी-हेल नेट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने जिला उद्यान अधिकारी को उन्हें अनुदान सहित विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से शासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है जिससे जनसेवाओं में पारदर्शिता जवाबदेही और जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री और वित्तीय सहायता भी वितरित की गई। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से 6 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट तथा समाज कल्याण विभाग की ओर से 3 लाभार्थियों को अनुसूचित जाति पुत्री विवाह अनुदान प्रदान किया गया। कृषि विभाग द्वारा तिलक स्वयं सहायता समूह, ग्राम कुण्डी को फार्म मशीनरी बैंक एक लाभार्थी को झंगोरा प्रोसेसिंग मशीन दो लाभार्थियों को झाड़ी एवं घास काटने की मशीन तथा ग्राम बैरागना को चैन लिंक फेंसिंग उपलब्ध कराई गई। कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक करोड़ रुपये का वार्षिक कारोबार करने वाली रूपकुण्ड फेड फार्मर्स प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड हाटकल्याणी (देवाल) तथा उन्नति स्वायत्त सहकारिता एफपीओ पडेरगांव (नन्दानगर) को मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सम्मानित किया। सहकारिता विभाग के माध्यम से 4 लाभार्थियों को दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण के चेक वितरित किए गए। पशुपालन विभाग द्वारा 2 लाभार्थियों को चारा बीज उपलब्ध कराया गया। उद्यान विभाग की ओर से एक लाभार्थी को नाबार्ड पॉलीहाउस योजना के लिए 4 लाख रुपये एक लाभार्थी को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन (पीएमएफएमई) योजना के तहत 2 लाख रुपये एक लाभार्थी को मशरूम उत्पादन योजना के लिए 2 लाख रुपये तथा एक लाभार्थी को कीवी मिशन योजना के अंतर्गत 4.20 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 5 लाभार्थियों को वित्तीय सहायता के चेक वितरित कर स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरेला पर्व के अवसर पर “हर गाँव का यही पैगाम एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने हेतु अधिक से अधिक पौधरोपण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर चमोली के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी थराली विधायक भूपाल राम टम्टा कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट नगर पालिका परिषद चमोली-गोपेश्वर अध्यक्ष संदीप रावत नगर पालिका परिषद कर्णप्रयाग अध्यक्ष गणेश शाह महिला आयोग उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी राज्य मंत्री हरक सिंह रामचंद्र गौड़ बलवीर घुनियाल बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सतीक्षजनजाति आयोग के उपाध्यक्ष प्रेम सिंह राणा भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल महामंत्री अरुण मैठाणी विनोद कनवासी दलवीर दानू जिलाधिकारी गौरव कुमार पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp