प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के दिशा-निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष तथा जनपद न्यायाधीश नीना अग्रवाल के नेतृत्व में लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर जिला न्यायालय परिसर रुद्रप्रयाग में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश श्रीमती नीना अग्रवाल ने न्यायालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हरेला केवल उत्तराखंड की लोक संस्कृति का प्रतीक नहीं बल्कि प्रकृति पर्यावरण और मानव जीवन के बीच संतुलन का संदेश देने वाला जनपर्व है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमारा दायित्व केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए बल्कि उसके वृक्ष बनने तक नियमित देखभाल सिंचाई और संरक्षण भी सुनिश्चित करना चाहिए। इस अभियान के अंतर्गत जिला न्यायालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में बांज नीम आंवला और जामुन सहित पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इन पौधों का उद्देश्य भविष्य में स्वच्छ वायु की उपलब्धता बढ़ाना कार्बन अवशोषण पहाड़ी क्षेत्रों में मृदा अपरदन को रोकना भूजल संरक्षण तथा स्थानीय जैव विविधता को बढ़ावा देना है। वृक्षारोपण अभियान में जनपद के न्यायिक अधिकारियों बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों अधिवक्ताओं अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अशोक कुमार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) पायल सिंह सिविल जज (सीनियर डिवीजन) अमित कुमार न्यायिक मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ कुमार तथा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) विकास कुमार ने भी पौधारोपण किया। इसके अलावा बार संघ के अध्यक्ष प्रदीप जगवाण बार संघ के सचिव महावीर बुटोला जिला शासकीय अधिवक्तागण बार संघ के अधिवक्ता मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नरेन्द्र कोहली प्रमेन्द्र सिंह असवाल जिला न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी तथा पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए श्रमदान किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने रोपे गए प्रत्येक पौधे की सुरक्षा नियमित देखभाल और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया ताकि रुद्रप्रयाग जनपद को स्वच्छ हरित और सुंदर बनाया जा सके।
