Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। हरेला पर्व के अवसर पर गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कोटद्वार स्थित पनियाली गेस्ट हाउस परिसर में प्रदेश सरकार के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं बल्कि प्रकृति संरक्षण का जनआंदोलन है। प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ-साथ उसके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण मिल सके। पौधारोपण कार्यक्रम के बाद मंडल आयुक्त ने तहसील सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मतदाता सूची के अद्यतनकरण दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों तथा कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित 16 नए मतदान केंद्रों की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। बैठक में आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर के तीसरे चरण का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा प्रत्येक दावा और आपत्ति का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए अभियान को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संचालित करने पर जोर दिया। मंडल आयुक्त ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार को निर्देश दिए कि एसआईआर अभियान के संबंध में जनप्रतिनिधियों और सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता निष्पक्षता और विश्वास बनाए रखने के लिए सभी हितधारकों के साथ सतत संवाद आवश्यक है तथा अभियान की प्रत्येक प्रगति और अद्यतन जानकारी समय-समय पर साझा की जानी चाहिए। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अभियान से जुड़े सुझाव और समस्याएं रखीं जिन पर आयुक्त ने गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और राजनीतिक दलों के बीच बेहतर समन्वय से निर्वाचन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी समावेशी और विश्वसनीय बनेगी। बैठक के दौरान बीएलओ ऊषा देवी ने बताया कि उन्होंने अपने क्षेत्र में मात्र 12 दिनों के भीतर एसआईआर का कार्य पूरा कर लिया है। इस पर मंडल आयुक्त ने उनके कार्य की सराहना करते हुए अन्य बीएलओ को भी समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद मंडल आयुक्त ने कोटद्वार क्षेत्र के छह मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज सुखरौं बालासौड़ में स्थापित चार तथा महर्षि पब्लिक विद्या मंदिर हरसिंहपुर में स्थापित दो मतदान केंद्र शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं भवनों की स्थिति अभिलेखों पेयजल विद्युत व्यवस्था शौचालय दिव्यांगजनों के लिए रैंप पहुंच मार्ग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जाएं ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। इस अवसर पर नगर आयुक्त कोटद्वार पी.एल.शाह वन विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि राज गौरव नौटियाल बलबीर सिंह रावत राकेश शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *