प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कांवड़ मेले को सुगम सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने गुरुवार को कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों साफ-सफाई पेयजल प्रकाश व्यवस्था बैरिकेडिंग तथा शिवभक्तों के लिए की जा रही अन्य सुविधाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडल आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि जिला प्रशासन कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अधिक संख्या में कांवड़ यात्रियों के आने की संभावना है इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता और जिम्मेदारी से कार्य करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंडल आयुक्त को कांवड़ मेले के मद्देनजर विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा सुरक्षा यातायात व्यवस्था पेयजल स्वच्छता प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार उपजिलाधिकारी योगेश कुमार तहसीलदार सचिन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
