प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपरा और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक हरेला पर्व के अवसर पर संभागीय परिवहन कार्यालय हरिद्वार की ओर से व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत संभागीय परिवहन कार्यालय परिसर तथा ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक परिसर में 200 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया। इस अवसर पर परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन सहित कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि हरेला पर्व केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं बल्कि प्रकृति पर्यावरण और भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से पर्यावरण संरक्षण जैव विविधता का संवर्धन जल संरक्षण स्वच्छ वायु और जलवायु संतुलन को बढ़ावा मिलता है। इसलिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया ताकि वे भविष्य में विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। संभागीय परिवहन कार्यालय हरिद्वार ने आमजन से भी हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण के इस जन अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया। हरेला पर्व पर आयोजित यह वृक्षारोपण अभियान हरित उत्तराखंड के निर्माण पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति परिवहन विभाग की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बना।
