प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन और प्रभावी मॉनिटरिंग में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर करीब आठ लाख रुपये मूल्य के चोरी गए पंपिंग योजना के 32 लोहे के पानी के पाइप शत-प्रतिशत बरामद करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अन्य स्क्रैप सामग्री तथा चोरी में प्रयुक्त ट्रक भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 14 जुलाई को ग्राम साबली निवासी जयराज सिंह खंडका ने गजा-चंबा मोटर मार्ग स्थित पंपिंग योजना से 32 लोहे के पानी के पाइप चोरी होने की सूचना दी थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच मैनुअल पुलिसिंग तथा सुरागरसी-पतारसी के आधार पर कार्रवाई करते हुए 15 जुलाई को हरिद्वार जनपद के सलेमपुर मंगलौर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी गए सभी 32 लोहे के पाइप अन्य स्क्रैप सामग्री तथा घटना में प्रयुक्त ट्रक संख्या UK17CA-3604 बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार से टिहरी जनपद के चंबा खाड़ी और गजा क्षेत्रों में ट्रक से ईंट सप्लाई का काम करते हैं। वापसी में ट्रक खाली होने पर अतिरिक्त कमाई के लिए कबाड़ भी ले जाते थे। करीब 15 दिन पहले ईंट सप्लाई के दौरान उनकी नजर गजा क्षेत्र में रखे पंपिंग योजना के पाइपों पर पड़ी जिसके बाद उन्होंने उन्हें चोरी करने की योजना बनाई। चंबा में ईंट उतारने के बाद लौटते समय दोनों ने 32 पाइप ट्रक में लाद लिए और उन्हें रुड़की में कबाड़ी को बेचने जा रहे थे लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहबान निवासी टांडा भनेड़ा थाना मंगलौर जिला हरिद्वार हाल निवासी सलेमपुर दादूपुर थाना रानीपुर हरिद्वार तथा उस्मान निवासी टांडा भनेड़ा थाना मंगलौर जिला हरिद्वार हाल निवासी ग्राम ताताहेड़ी थाना गंगोह जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा उपनिरीक्षक यशवंत खत्री अपर उपनिरीक्षक शांतिप्रसाद डिमरी हेड कांस्टेबल मनीष रावत हेड कांस्टेबल रामकुमार कांस्टेबल विवेक कुमार सीआईयू शाखा प्रभारी उपनिरीक्षक ओमकांत भूषण हेड कांस्टेबल अशोक कुमार तथा हेड कांस्टेबल विकास सैनी शामिल रहे।
